कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री ने की पत्रकार वार्ता
भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रहे हैं ओवैसी
जाैनपुर : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति के सदस्य, पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय ने कहा कि वाराणसी में विश्वनाथ कारिडोर के जो मलबे गिरे है उसको प्रशासन ने गंगा नदी में गिरा दिया है। उन्होंने मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि गंगा पुत्र ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है और उसी के साथ ऐसी दुर्दशा कर रहे है। रही बात मां गंगा के धारा बदलने की तो महादेव शिव के अलावा किसी की हैसियत नहीं जो उसेे बदल सके। बहुत जल्द ही मां गंगा बीजेपी की धारा को मोड़कर सत्ता से बाहर कर देंगी। यह बातें उन्होंने बुधवार को नगर के इंग्लिश क्लब के निकट माता आनंदनमयी नेत्र चिकित्सालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। वह चिकित्सक डा.काशीनाथ उपाध्याय की पांचवीं पुण्यतिथि में शामिल होने पहुंचे थे।
उन्होंने वेबसीरीज फिल्म तांडव पर हो रहे बवाल पर कहा कि यह बीजेपी की मिलीभगत है। सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पद पर उनके ही आदमी प्रसून जोशी बैठे है। किसी भी फिल्म में किसी जाति व धर्म पर अभद्र टिप्पणी की जाती है तो वहां से उस शब्द को हटा देना चाहिए। भाजपा किसी भी तरीके से बवाल काटकर मुददा खोजती रहती है।
एआइआइएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के यूपी में आकर चुनाव लड़ने की तैयारी पर कहा कि बिहार में जिस तरीके से ओवैसी ने बीजेपी की मदद की, उसके बारे में उत्तर प्रदेश की जनता जान गई है।
भाजपा सांसद साक्षी महाराज अपने अाधिकारिक बयान में कह चुके है कि ओवैसी ने बीजेपी की बिहार में मदद की, अब पश्चिम बंगाल व यूपी में मदद करने आ रहे है।
दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा राम मंदिर निर्माण में चंदा देने के सवाल पर कहा कि मैं भी चंदा दूंगा, मंदिर बने इसके लिए सबका साथ है। सबसे पहले पूर्व दिए गए 1400 से 1500 करोड़ रुपये चंदे का आरएसएस, विहिप व भाजपा के लोग हिसाब दें।
उन्होंने कहा कि भाजपा बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं की बात करती है लेकिन उसके ही राज में भाजपा के वाराणसी चिरईगांव से पूर्व विधायक द्वारा बेटियों से छेड़खानी की जाती हैं, जिसको पूरा देश की मीडिया ने लोगों को दिखाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सृजन कार्यक्रम के जरिए बदलाव की बात कर रही है। इस क्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने वाराणसी की गलियों व जौनपुर में भ्रमण भी किया।
0 Comments